चिट्ठाकारी के शैशवकाल का अंत

हिन्दी वेब ब्लागरी नयी उचाईयों पर है. रोज चिट्ठाजगत की सूचना मिलती है कि आज इतने नये ब्लागर आ गये हैं इनका टिप्पणियों के माध्यम से स्वागत करिए. बहुत सारे ऐसे चिट्ठाकार आ रहे हैं जो लगातार लिख रहे हैं उनको इस बात से कोई मतलब नहीं रहता कि कोई उनके लिखे पर टिप्पणी करता है या नहीं. कोई पढ़ता भी है या नहीं. ऐसे लोग तो कम ही हैं जो लिखने के बाद हिट्स गिनने के चक्कर में लगे रहते हैं, ज्यादातर लोग तो लिखने में ही मगन रहते हैं. असल में ऐसे ही जुनूनी लोग नेट पर हिन्दी की ताकत बन रहे हैं.

2005 में गूगल के सीईओ ने कहा था कि अगले पांच-दस सालों में इंटरनेट पर हिन्दी तीसरी सबसे बड़ी भाषा होगी. गूगल के सीईओ ने सिर्फ यह कहा भर नहीं बल्कि उन्होंने इस संभावित बाजार पर अपना दखल बढ़ाने के लिए काम भी तेजी से किया. आज जब हम गूगल में  hindi शब्द खोजते हैं और हमें 70 करोड़ तीस लाख परिणाम दिखते हैं तो यह बात तो साफ है कि हिन्दी तेजी से अपनी जगह बना रही है. “हिन्दी” शब्द भी खोजने में 1.7 करोड़ से अधिक परिणाम दिखाता है. यानी लिपी के स्तर पर भी इंटरनेट पर लोगों की सक्रियता तेजी से बढ़ी है और एक अकेला हिन्दी शब्द 1.7 करोड़ बार गूगल के डाटाबेस में दर्ज है.

यह हिन्दी चिट्ठाकारी के शैशव काल का अन्त है. अब वह किशोरावस्था की ओर बढ़ रहा है. ज्यादातर चिट्ठे भले ही अभी भी सबडोमेन के सहारे चल रहे हों लेकिन कई सारे ब्लाग अपने डोमेन पर चले गये हैं. इसका मतलब चिट्ठाकारी के प्रति पुराने लोगों की संवेदनशीलता भी बढ़ी है. लेकिन अभी भी ऐसा कुछ खास नहीं हुआ है जिसको इति मानकर संतोष कर लिया जाए. हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि इस किशोरावस्था तक लाने के लिए कुछ जुनूनी लोगों ने बड़ा काम किया है. गूगल, याहू और एमएसएन ने तो औजार दिये लेकिन उन औजारों को देख-परख कर लोगों तक पहुंचाना और उसके उपयोग से चिट्ठाकारी कराना यह सब जिन लोगों ने किया उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता. लेकिन ऐसे जुनूनी लोगों की जरूरत खत्म नहीं हुई बल्कि बहुत बढ़ गयी है.

अब नेट पर लड़ाई जानने समझने की नहीं रहेगी. अब वही टिकेगा जिसके पास कंटेट होगा. ऐसे कंटेटवाले लेखन की आज सख्त जरूरत है. और इस किशोरावस्था की अनिवार्य मांग भी. क्या चिट्ठाकार इसे पूरा करने की कोशिश करेंगे?

पसंद की पोस्टः  अब मैं किसानों से आंख मिलाने से बचता हूं- पी साईंनाथ

There are no comments on this post

Leave a Reply